Hansika Motwani Divorce: एक्ट्रेस हंसिका मोटवानी की शादीशुदा जिंदगी अब आधिकारिक तौर पर खत्म हो गई है. चार साल पहले बड़े ही धूमधाम से शादी करने वाली हंसिका और उनके पति सोहेल कथूरिया अब अलग हो चुके हैं. लंबे समय से दोनों के रिश्ते में खटपट की खबरें सामने आ रही थीं, जिस पर अब कोर्ट की मुहर भी लग गई है. मुंबई की बांद्रा फैमिली कोर्ट ने दोनों का तलाक मंजूर कर लिया है.
कब हुई थी हंसिका की शादी
हंसिका और सोहेल ने 4 दिसंबर 2022 को शादी की थी. उनकी शादी काफी चर्चाओं में रही थी, और राजस्थान के जयपुर में शाही अंदाज में शादी के फंक्शन हुए थे. हालांकि, शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के रिश्ते में दूरियां आने लगी थीं. रिपोर्ट्स के मुताबिक पिछले दो साल से दोनों के बीच लगातार तनाव बना हुआ था, और आखिरकार दोनों ने अलग होने का फैसला कर लिया.
---विज्ञापन---
आखिर क्या रही अलग होने की वजह?
बताया जा रहा है, कि जुलाई 2024 से ही हंसिका और सोहेल अलग-अलग रह रहे थे. इस दौरान दोनों के परिवारों ने उनके रिश्ते को बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन हालात सुधर नहीं पाए. आखिर में दोनों ने आपसी सहमति से तलाक लेने का फैसला किया. खास बात ये है, कि इस शादी से उनका कोई बच्चा नहीं है, और हंसिका ने तलाक के दौरान किसी तरह की एलिमनी की भी मांग नहीं की.
---विज्ञापन---
हंसिका के वकील ने क्या कहा?
कोर्ट में सुनवाई के दौरान हंसिका के वकील ने बताया, कि शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ ठीक था, लेकिन धीरे-धीरे दोनों को एहसास होने लगा कि उनकी सोच, आदतें और लाइफस्टाइल काफी अलग हैं. यही वजह थी कि छोटी-छोटी बातों पर भी बहस होने लगी. समय के साथ झगड़े बढ़ते गए, और एक ही छत के नीचे रहना दोनों के लिए मुश्किल होता चला गया. ऐसे में अलग होना ही दोनों को बेहतर विकल्प लगा.
हंसिका की बेस्ट फ्रेंड के पति थे सोहेल
बता दें, कि सोहेल कथूरिया की ये दूसरी शादी थी. इससे पहले उन्होंने हंसिका की ही बेस्ट फ्रेंड रिंकी बजाज से शादी की थी. बाद में दोनों का तलाक हो गया था, और उसके बाद सोहेल ने हंसिका से शादी की थी.
ऐसे मिली हंसिका को इंडस्ट में पहचान
वर्क फ्रंट की बात करें, तो हंसिका ने बहुत छोटी उम्र से ही एक्टिंग शुरू कर दी थी. उन्होंने बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट टीवी से अपने करियर की शुरुआत की थी, और बच्चों के मशहूर शो 'शाका लाका बूम बूम' से उन्हें खास पहचान मिली थी. इसके बाद वो फिल्म 'कोई मिल गया' में ऋतिक रोशन के साथ भी नजर आई थीं. आगे चलकर उन्होंने साउथ सिनेमा में कदम रखा और कई हिट फिल्मों में काम करके अपनी अलग पहचान बनाई.